इंडिया न्यूज, गोरखपुर
Gorakhpur News : गोरखपुर एसएसपी ने जालसाजी के मामलों का पुलिसकर्मियों को सख्ती से निपटारा करने का निर्देश दिया तो शुक्रवार को इसका असर सामने आया। कैंट, खोराबार और बड़हलगंज पुलिस ने जालसाजी में दर्ज केस में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कैंट पुलिस ने फर्जी वीजा पर विदेश भेजने वाले को तो बड़हलगंज पुलिस ने भी एक ऐसे ही आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेजा। खोराबार पुलिस ने जमीन के नाम पर रुपये हड़पने के मामले में 17 जून को दर्ज केस के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि जिले में दर्ज मुकदमों की समीक्षा की गई तो जालसाजी के कई पुराने मामले लंबित पाए गए थे। इसे देखते हुए पुलिस को निर्देशित किया गया है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए। पुलिस इन मामलों में केस दर्ज कर आरोपी पर जल्द से जल्द कार्रवाई करेगी। (Gorakhpur News)
दुबई भेजने का झांसा (Gorakhpur News)
कैंट पुलिस ने फर्जी वीजा व टिकट देकर दुबई भेजने का झांसा देकर 2.40 लाख रुपये हड़पने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान नंदानगर निवासी पवन सिंह के रूप में हुई। कैंट इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बताया कि बिहार, सिवान के रहने वाले चार लोगों को पवन सिंह ने प्रलोभन दिया कि उसके जानने वाले दुबई में हैं। वह नौकरी दिला देगा। इसी नाम पर चारों से अलग-अलग खातों में 2.40 लाख रुपये वसूले गए थे। पीड़ितों को फर्जी वीजा व टिकट भी दे दिया था। जब सभी लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उन्हें फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। पीड़ितों की तहरीर पर शुक्रवार सुबह ही केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया।
(Gorakhpur News)
यह भी पढ़ेंः हादसे में कांवड़िए की मौत के बाद हंगामा, फ्लाईओवर से नीचे गिरने पर हुई दुर्घटना