इंडिया न्यूज, हरिद्वार (Uttrakhand Weather News)। मौसम के बदलते मिजाज ने मई में 30 साल पहले का रिकार्ड तोड़ दिया है। मई में सितंबर जैसे मौसम का अहसास हुआ है। पूरे महीने में अब तक 49.2 एमएम की रिकार्ड बारिश है। बारिश के बाद नमी और पहाड़ों में लगातार बारिश होने से हरिद्वार का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे है। दोपहर में भले उमस हो रही है, लेकिन रात में कूलर और एसी की जरूरत नहीं है। पंखे से काम चल रहा है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
मौसम लगातार करवट बदल रहा है। इससे तापमान में उतार चढ़ाव आ रहा है। मई के पहले हफ्ते में भीषण उमस रही। अंधड़ और तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हुई। 16 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का भी कई सालों का रिकार्ड टूटा। लेकिन इसके बाद मौसम का फिर मिजाज बदला। 22 और 23 मई की बारिश से अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया। 23 मई को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का कई दशकों का रिकार्ड टूटा।
मई माह में मौसम बदलता रहा करवट
मई माह में सामान्यतौर पर अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। लेकिन इस बार मई आखिरी हफ्ते का तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 से 23 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। ऐसा अक्सर सितंबर में देखने को मिलता है। सामान्य से नीचे तापमान होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, आद्रता बढ़ने से दोपहर में 12 से दो बजे तक कभी कभी उमस हो रही है।
यह भी पढ़ेंः लगातार बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या, तीसरे दिन 2500 से ज्यादा मामले आए